देहरादून में मोहब्बेवाला के पास मिनी ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर है। पुलिस ने ट्रक का पीछा करके चालक को आशारोड़ी के पास से गिरफ्तार किया। यह दंपति बाइक पर सवार होकर किसी काम से छुटमलपुर जा रही थी।
मौके पर ही हुई मौत
देहराखास के ऋषि इनक्लेव निवासी राकेश मौर्या (30) मंगलवार सुबह पत्नी साधना के साथ बाइक से छुटमलपुर जा रहे थे। दोनों मोहब्बेवाला के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे मिनी ट्रक ने ओवरटेक करते हुए बाइक में टक्कर मार दी। इससे राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी साधना घायल हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने साधना को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ चालक मांगेराम निवासी शाहिदपुर थाना भगवानपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साधना के जीजा सोमनाथ मौर्या की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।