खेत में काम करते हुए किसनों को इतनी संख्या में नोट मिले कि उनकी आंखें फटी रह गईं।
रामपुर रोड से सटे चांदनी चौक गरवाल स्थित खेत में गेहूं की कटाई के दौरान पॉलिथीन में एक-एक हजार रुपए के पुराने कटे फटे नोट मिले हैं। आशंका है कि नोटबंदी के बाद पकड़े जाने के डर से किसी ने लाखों रुपये के नोट नहर में बहा दिए होंगे।
नहर से बहते हुए नोट खेत में पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने नोटों को कब्जे में लेकर आयकर विभाग को अवगत कराया है। चांदनी चौक गरवाल हरिपुर जमन सिंह निवासी नंदन सिंह नैनवाल ने पुलिस को सूचना दी कि शनिवार दोपहर उसके खेत में गेहूं की कटाई चल रही थी।
अचानक एक महिला की दरांती पॉलिथीन पर पड़ गई। पॉलिथीन में 1000-1000 रुपये के कटे फटे ढेरों नोट देखकर महिला घबरा गई। यह सूचना तेजी से चारों ओर फैली और काफी लोग देखने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाल आरएस मेहता और चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह नेगी ने मौके का जायजा लेने के बाद पूछताछ की।