चंपावत जिले के निवासी रानीखेत में तैनात सैन्य कर्मी बीते पांच दिन से लापता है। लापता सैन्य कर्मी रानीखेत कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर (केआरसी) में तैनात है। परिजनों ने गुमशुदगी की रानीखेत कोतवाली में तहरीर दी है। अभी तक सैन्य कर्मी सुराग नहीं लग पाया है।
केआरसी खेतीखान में कंपनी हवलदार मेजर पद पर तैनात बहादुर सिंह मेहता 29 अक्तूबर शाम से लापता हैं। भाई आनंद मेहता का कहना है कि बहादुर 29 अक्तूबर को शाम करीब तीन बजे केआरसी से बाइक से निकले थे लेकिन तब से वे न केआरसी पहुंचे और न ही चंपावत।
आनंद ने रानीखेत कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस मोबाइल नंबर और अन्य आधार पर खोजबीन कर रही है। सैन्य कर्मी का अभी तक कोई सुराग नहीं लगने से परिजन खासे परेशान हैं।