सुबह से होती रिमझिम बारिश के कारण एमआई-26 हेलीकॉप्टर गौचर नहीं पहुंचा। मौसम ठीक होने की स्थिति में आज (शनिवार) हेलीकॉप्टर के गौचर हवाई पट्टी पर लैंडिंग की संभावना है।
शुक्रवार प्रात: 9 बजे से शुरू रिमझिम बारिश और कोहरे के कारण वायु सेना का एमआई-26 हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ से ही गौचर के लिए उड़ान नहीं भर पाया। इस दौरान गौचर हवाई पट्टी पर रुद्रप्रयाग प्रशासन सहित निम के योगेंद्र राणा टीम सहित मौजूद थे।
एमआई-26 की लैंडिंग को लेकर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन गाजियाबाद के मैनेजर आरके आनंद ने भी विंग कमांडर बाजवा से जानकारी ली। इधर वंग कमांडर बाजवा के हवाले से निम के योगेंद्र राणा ने बताया कि खराब मौसम और विजिबिलिटी कम होने से एमआई-26 ने चंडीगढ़ से टेक ऑफ नहीं किया। मौसम के ठीक होने पर ही उड़ान संभव है।
एमआई-26 हेलीकाप्टर को दोपहर 12.30 बजे चंडीगढ़ से टेक ऑफ कर दोपहर एक बजे गौचर हवाई पट्टी पहुंचना था। हेलीकाटर को शनिवार को केदारनाथ में ट्रायल लैंडिंग करनी है। बाद में गौचर हवाई पट्टी से इस हेलीकाप्टर से भारी मशीनों को धाम में पहुंचाया जाएगा, जिससे पुनर्निर्माण कार्य में तेजी आ सके।