दून में मेट्रो के सपने को जमीन पर उतारने के लिए सरकार तेजी दिखा रही है। अगस्त तक इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार हो जाने की उम्मीद है।
इन स्थितियों के बीच, मेट्रो मैन श्रीधरन को लेकर राज्य की चाहत सामने आई है। यह चाहत मेट्रो के प्रोजेक्ट में श्रीधरन की मार्गदर्शक की भूमिका से जुड़ी है। राज्य सरकार एक बार फिर मेट्रो मैन श्रीधरन को मार्गदर्शक की भूमिका के लिए एप्रोच कर सकती है। इससे पहले, भी इस तरह की बात हुई थी, लेकिन फिर मामला थम गया था।
उत्तराखंड सरकार मेट्रो के सपने को पांच साल के भीतर जमीन पर उतारने की बात कर रही है। इसके लिए दिल्ली मेट्रो कॉरपोरेशन को डीपीआर बनाने का काम सौंपा गया है।
उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का सरकार गठन कर चुकी है, जिसमें एमडी स्तर के अफसर को तैनात किया गया है। इसका पूरा ढांचा खड़ा किया जा रहा है। दून मेट्रो को पहले चरण में नेपाली फार्म से आईएसबीटी देहरादून और राजपुर रोड तक प्लान किया गया है।
बाद में ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे शहरों को भी इसके साथ जोड़ने की बात हो रही है। इन स्थितियों के बीच, आवास सचिव अमित नेगी का कहना है कि उत्तराखंड सरकार चाहती है कि मेट्रो मैन श्रीधरन किसी न किसी रूप में इस प्रोजेक्ट के साथ जुडे़ं। चाहे वो मार्गदर्शक की ही भूमिका क्यों न हो। इसके लिए फिर से प्रयास किए जाएंगे।