प्रदेश के साथ ही दून में बारिश का क्रम जारी है। शुक्रवार को दिनभर बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बारिश के कारण तापमान में 11 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी दून में बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पिछले दो दिन से राज्य के अधिकतर जनपदों के साथ ही दून में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी दून में दिनभर बारिश होती रही। इस दौरान सुबह से शाम छह बजे तक दून में 18.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मार्च माह में 12 घंटे में दूसरी बार इतनी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले चार दिन तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दून में बादल रहने के साथ ही एक या दो दौर की बारिश होने की संभावना है।
-
बारिश से सड़कें हुई कीचड़ में तब्दील
दून में वर्तमान में कारगी, बंजारावाला सहित अधिकांश क्षेत्रों में पेयजल लाइन, सीवर लाइन सहित अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। जिनके लिए सड़कों को खोदा गया है। लगातार बारिश होने के कारण यह खोदी गई तमाम सड़के कीचड़ में तब्दील हो गई हैं। इससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई जगह वाहन कीचड़ में फंस गए। जिनको निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
तापमान
अधिकतम- 23 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम- 15 डिग्री सेल्सियस
-
सूर्योदय- 6.08 मिनट
सूर्यास्त- 6: 36