दाड़लाघाट में नाले व आसपास पड़ी गंदगी। संवाद
शिव मंदिर आने-जाने वाले लोग हो रहे परेशान
पंचायत प्रतिनिधि बोले, लोग सफाई कर्मी को ही दें घरों का कूड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट पंचायत के तहत अंबुजा होटल से जाने वाले रास्ते के साथ लगते नाले में इन दिनों कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे लोगों को समस्या हो रही है। लोगों ने बताया कि नाले में कूड़े का ढेर कई दिनों से लगा हुआ है। इसकी सफाई की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इससे नाले का पानी भी प्रदूषित हो रहा है। लोगों को स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। इसके अलावा शिव मंदिर के पास पुलिया भी बंद है। इससे कूड़े के ढेर की समस्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। अगर बारिश हुई तो सारी गंदगी नाले से सड़क पर आ जाएगी। इससे समस्या और भी बढ़ जाएगी। नाले के पास शिव मंदिर आने-जाने वाले लोगों और आसपास के घरों को काफी समस्या हो रही है। इससे घरों में भी दुर्गंध आ रही है। लोगाें ने नाले की सफाई करवाने की मांग उठाई।
इस संबंध में ग्राम पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज ठाकुर ने मकान मालिकों को हिदायत दी कि वे स्वयं और अपने किराएदारों को कूड़ादान प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। कि सफाई कर्मचारी घर-घर से कूड़ा कचरा एकत्रित करते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे घरों का कूड़ा इधर-उधर न फेंके, केवल सफाई कर्मचारियों को ही कूड़ा दें ताकि पंचायत द्वारा बनाई व्यवस्था में कोई ढील न आए।