अगर आप एमडी या एमएस में दाखिले के लिए जा रहे हैं तो अब आपको इस तरह से फीस भरनी होगी। साथ ही आपको कॉलेज एक व्यवस्था के तहत फीस की पूरी जानकारी भी देगा।
प्रदेशभर में चार अप्रैल से शुरू होने जा रही एमडी, एमएस की नीट पीजी काउंसिलिंग में फिलहाल निजी कॉलेजों को पुरानी फीस पर ही दाखिले करने होंगे। साथ ही, कॉलेजों को फीस का पूरा ब्योरा वेबसाइट पर भी जारी करना होगा। शुल्क निर्धारण समिति के फैसले के बाद शुल्क का नया नियम लागू होगा।
काउंसिलिंग को लेकर एचएनबीमेडिकल यूनिवर्सिटी ने हिमालयन मेडिकल कॉलेज को पत्र जारी किया तो उधर, काउंसिलिंग से संबंधित एमसीआई रेगुलेशन के खिलाफ बृहस्पतिवार को हिमालयन कॉलेज(एसआरएचयू) ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी।
सूबे के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में इस साल मेडिकल पीजी सीटों पर दाखिले के लिए सेंट्रलाइज काउंसिलिंग चार अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इससे पहले शासन स्तर पर कॉलेजों पर पूरी सख्ती की जा रही है।
इसके तहत चिकित्सा शिक्षा सचिव डी सेंथिल पांडियन ने आदेश जारी किया है कि कॉलेजों को फीस का ब्योरा वेबसाइट पर जारी करना होगा। इस साल केवल पुरानी फीस पर ही एमडी, एमएस के प्रवेश होंगे। शुल्क निर्धारण समिति का फैसला आने के बाद नया शुल्क ढांचा लागू होगा।