प्रवेश व परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए एकेटीयू प्रशासन ने एक अहम कदम उठाते हुए तय किया है कि मई-2017 की सेमेस्टर परीक्षा के लिए फॉर्म भरने के लिए आधार नंबर देना अनिवार्य होगा।
साथ ही, परीक्षा केंद्रों में यूनिक आईडेंटीफिकेशन (यूआईडी) से अटेंडेंस भी होगी। मंगलवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समिति की बैठक में इस पर मुहर लगा दी गई।
तय हुआ है कि सत्र 2016-17 सम सेमेस्टर की सत्रांत परीक्षा से इसे प्रभावी बनाया जाएगा। इसलिए कॉलेजों से कहा गया है कि परीक्षा फॉर्म भरवाते समय विद्यार्थी का आधार नंबर अनिवार्य रूप से भरवाया जाए। इसी सत्र से प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों को ऑनलाइन भेजे जाएंगे।
इसके लिए एक सॉफ्टवेयर जल्द बनाया जाएगा। ताकि, सुरक्षित और समय पर प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्र भेजे जा सकें। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी आशीष मिश्रा के अनुसार सत्र 2016-17 सम सेमेस्टर की सत्रांत परीक्षाएं 13 मई से शुरू होंगी और परीक्षा केंद्रों का निर्धारण एक अप्रैल तक कर लिया जाएगा। बैठक में रजिस्ट्रार पवन कुमार गंगवार, वित्त अधिकारी भानु प्रकाश, परीक्षा नियंत्रक जेपी पांडेय, अपर परीक्षा नियंत्रक दीपक नागरिया आदि उपस्थित रहे।