उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। हरबर्टपुर क्षेत्र के बद्रीपुर गांव में शुक्रवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की टीम ने अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर पहुंची टीम ने प्लॉटिंग में किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को बद्रीपुर में श्री समीम कुरैशी व अन्य की ओर से अनधिकृत प्लॉटिंग किए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद प्राधिकरण ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। हरबर्टपुर क्षेत्रीय कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची। सहायक अभियंता शशांक सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने प्लॉटिंग में किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त किया। टीम में अवर अभियंता यशपाल, प्रीतम सिंह चौहान, सुपरवाइजर प्यारे लाल जोशी समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि अनधिकृत निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।