दून अस्पताल में एक एमबीबीएस के छात्र ने डॉक्टरों और अन्य स्टाफ के साथ अभद्रता की। आरोप है कि जब छात्र को सुरक्षाकर्मी ने रोकने का प्रयास किया गया तो छात्र ने उससे भी मारपीट शुरू कर दी। मामले में आरोपी छात्र के खिलाफ कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना शुक्रवार की है। प्रकरण में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग अग्रवाल ने कोतवाली को शिकायत की है। उनके अनुसार कनुराज निवासी सहस्त्रधारा रोड एमबीबीएस का छात्र है। छात्र की उपस्थिति बहुत कम थी। इसके साथ ही उसका व्यवहार भी ठीक नहीं रहता था। ऐसे में शुक्रवार को उसकी ड्यूटी स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में लगाई गई। आरोप है कि कनुराज ने वहां विभागाध्यक्ष के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसका जब उन्होंने विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। इसका बीच बचाव करने आए एक सुरक्षाकर्मी के साथ कनुराज ने मारपीट की।
इंस्पेक्टर कोतवाली कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच में अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया जा रहा है।