फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार: दिग्गजों की लड़ाई की भेंट चढ़ा स्वच्छता अभियान, आमने-सामने मंत्री और मेयर के समर्थक

Sat, 12 Aug 2017 12:58 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन
गंगा नगरी में प्रधानमंत्री का स्वच्छता अभियान भाजपा के दो दिग्गजों की लड़ाई की भेंट चढ़ गया। बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के सेवकों और मेयर समर्थकों के बीच हुए विवाद के बाद शुक्रवार को नगर निगम कर्मी सड़कों पर उतर आए।
विज्ञापन


सफाई कर्मियों के भी हड़ताल में शामिल होने से सफाई का काम ठप हो गया। कूड़े का उठान नहीं होने से धर्मनगरी में जगह-जगह कूड़े के अंबार लग गए। उधर, बृहस्पतिवार को संघर्ष में घायल मेयर मनोज गर्ग की तबियत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल रेफर कर दिया है। इस बीच, पूरा मामला भाजपा हाईकमान तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के सामने अपना पक्ष रखा है। 

बता दें कि बृहस्पतिवार को मेयर मनोज गर्ग और नगर निगम की टीम सतपाल महाराज के प्रेमनगर आश्रम के पास नाले पर हुए को अतिक्रमण हटाने को गई थी, तभी दोनों पक्षों में संघर्ष हो जाने से मेयर मनोज गर्ग घायल हो गए थे। पुलिस ने लाठियां भांजकर स्थिति संभाली थी। मेयर पर हमले से गुस्साए नगर निगम कर्मी शुक्रवार को दफ्तरों में तालाबंदी कर सड़क पर उतर आए। 
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने शहर से कूड़ा नहीं उठाने का भी निर्णय लिया। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर निगम कर्मियों ने शहर में जुलूस निकाला। कर्मचारी जैसे ही प्रेमनगर आश्रम की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।

गुस्साए कर्मचारी रानीपुर मोड़ के पास धरने पर बैठ गए। सफाई कर्मियों के भी दिनभर धरने पर डटे रहने से शहर में कूड़े का उठान नहीं हुआ। नगर निगम की सहयोगी केआरएल कंपनी के कर्मचारियों ने भी शहर से कूड़ा नहीं उठाया।

​दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस बीच प्रेमनगर आश्रम से सटी कालोनीवासियों के भी सतपाल महाराज के खिलाफ लामबंद होने से पुलिस ने आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें