राजधानी देहरादून के मेयर विनोद चमोली ने एक बार फिर सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने शहर में हो रही सीवर लाइन प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए कहा कि मंत्री शहर में हो रहे कार्यों का शुभारंभ जरूर करें लेकिन यह भी याद रखें कि यह काम भाजपा सरकार के दौरान शुरू किए गए हैं।
सरकार को शहर के लिए कुछ करना होगा
उन्होंने कहा कि सरकार को शहर के लिए कुछ नया करना चाहिए, तभी बात बनेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल शहर के 85 फीसदी इलाके को सीवर लाइन प्रोजेक्ट से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके तहत 15 प्रतिशत काम जेएनएनयूआरएम फेज-2 में होगा।
सोमवार दोपहर को एडीबी व लोनिवि अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मेयर विनोद चमोली पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने बताया कि शहर में सीवर लाइनों का काम जेएनएनयूआरएम, एडीबी व 13 वें वित्त आयोग के तहत हो रहा है।
सीवर लाइन का काम पूरा नहीं
शहर के कई इलाकों में सीवर लाइन का काम पूरा हो चुका है। इस बीच कई जगह काम अभी चल रहा है और कई इलाकों के लिए अभी टेंडर होने है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के मंत्री शहर में हो रहे विकास कार्यों का शुभारंभ जरूर करें क्योंकि जनप्रतिनिधि होने के कारण यह उनका हक भी है। लेकिन वह जनता को यह भी बताएं कि यह काम भाजपा शासनकाल के दौरान ही शुरू किए गए हैं।