उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा के प्रत्याशी डॉ. उदित राज ने कहा मायावती ने रामदेव के बयान को तिल का ताड़ बना दिया।
अनुसूचित-जाति जनजाति परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज ने कहा कि बाबा रामदेव ने दलितों पर दिए बयान में केवल राहुल गांधी की आलोचना की थी लेकिन मायावती ने बाबा के बयान को तिल का ताड़ बना दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि रामदेव इसके लिए माफी तक मांग चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मायावती स्वयं दलितों का सम्मान नहीं करती हैं।
भाजपा में बढ़ रहा दलित वोट
सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में डॉ. उदित राज सोमवार ने कहा कि दलित वोट भाजपा में तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए मायावती वातावरण को खराब करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के हिसार जिले में चार दलित महिलाओं के साथ 23 मार्च को बलात्कार हुआ, जो दिल्ली के जंतर मंतर में धरना दे रही हैं। मायावती इन मामले में क्यों चुप हैं?
उन्होंने कहा वोट केवल सांसद के लिए नहीं बल्कि मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भी है। यदि मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते हैं तो देश को कोई नहीं बचा सकता।