रुद्रप्रयाग-ग्वाड़-खेड़ीखाल मोटरमार्ग पर आज सुबह एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और सात लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक रुद्रप्रयाग से शिक्षकों को छोड़कर वापसी में सवारी लाते समय यह हादसा हुआ। रुद्रप्रयाग से 9 किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना देने के बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और रेस्क्यू कार्य किया।
वाहन सड़क से 100 मीटर नीचे गिरा हुआ है। घायलों को जिला चिकित्सालय लाया जा रहा है। वाहन में 11 लोग सवार थे, जिसमे 2 की मौके पर मौत हो गई। जबकि 2 ने अस्पताल में दम तोड़ा। 4 घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हिमपात में टवेरा कार फिसली, एक की मौत
वहीं कोटद्वार के धुमाकोट-नैनीडांडा मार्ग पर बुधबार सुबह हुए हिमपात में एक टवेरा कार फिसल गई। कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए। गंभीर घायल हुई एक महिला ने कोटद्वार लाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। अन्य छह घायलों को कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने बताया कि धुमाकोट-नैनीडांडा मार्ग पर बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे एक टवेरा कार टांडियूं बैंड के पास बर्फ में फिसलने से अनियंत्रित होकर ऊपर की सड़क से नीचे की सड़क पर जा गिरी। नीचे कार पेड़ों के बीच अटक गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में सवार सभी घायलों को रेस्क्यू कर निकाला और सीएचसी नैनीडांडा पहुंचाया।
घायलों में नैनीडांडा के खंड शिक्षा अधिकारी डा. रामनिवास (60), उनकी पत्नी प्रवीण सिंह (45), पुत्र डा. कुलदीप सिंह (30), दो पुत्रियां डा. कंचन सिंह (27), डा. अर्चना (25) और पुत्रवधू डा. प्रीति सिंह (28) व चालक राजू शर्मा (25) सभी निवासी ग्राम सवेरा पिनाट जिला आगरा उत्तर प्रदेश शामिल हैं। सभी घायलों को नैनीडांडा में प्राथमिक उपचार के बाद कोटद्वार बेस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। कोटद्वार बेस अस्पताल लाते वक्त रास्ते में बीईओ की पुत्रवधू डा. प्रीति सिंह ने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।