फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: मैक्स वाहन खाई में गिरा, मरने वालों की संख्या हुई पांच, 5 यात्री घायल

Mon, 15 Oct 2018 01:17 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
खाई में गिरने के बाद उड़ परखच्चे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

धरासू-जोगत मोटर मार्ग पर सोमवार सुबह भड़कोट गांव के पास एक टैक्सी के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर होने से उन्हें हेलीकॉप्टर की मदद से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि दो अन्य घायलों को देहरादून रेफर कर दिया गया है।

विज्ञापन


दुर्घटना का कारण प्रथमदृष्टया ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।  सोमवार सुबह करीब पौने दस बजे बनकोट जगड़गांव से ग्रामीणों को लेकर आ रही टैक्सी भड़कोट के पास अनियंत्रित होकर सड़क से पचास फीट नीचे खड्ड में जा गिरी।

हादसे का पता चलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। चिन्यालीसौड़ से पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक समेत कुछ दस लोग सवार थे।

विज्ञापन

ब्रेक फेल होना बना कारण

इनमें कृपाल सिंह (65) पुत्र काल्या सिंह निवासी दिचली, बनकोट गांव की दीपना देवी (55) पत्नी विशन सिंह एवं कृष्णा देवी (24) पत्नी संदीप तथा भेंगवालगांव की लक्ष्मी देवी (32) पत्नी विक्रम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलम सिंह (52) पुत्र महानंद निवासी बनकोट ने हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश ले जाते समय हवाईपट्टी पर ही दम तोड़ दिया। 

हादसे में गंभीर रूप से घायल बनकोट गांव के सोबन सिंह (34) पुत्र विशन सिंह और प्रियंका (24) पुत्री रमेश को हेलीकॉप्टर की मदद से एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जबकि घायल वाहन चालक बनकोट निवासी विद्या सिंह(45) पुत्र कमल सिंह और सुषमा (30) पत्नी सुभाष चंद्र को एंबुलेंस से देहरादून भेजा गया। हादसे में मृत कृष्णा देवी की एक साल की बेटी वंशिका को सामान्य चोटें आयीं। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में उपचार के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। 

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डीएम डा.आशीष चौहान ने हर्षिल में आए एक निजी हेलीकॉप्टर को तत्काल चिन्यालीसौड़ बुलाकर गंभीर घायलों को ऋषिकेश पहुंचाने की व्यवस्था की।  प्रत्यक्षदर्शी भड़कोट निवासी जीघत सिंह राणा, शिवराज बिष्ट आदि ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है, वहां सड़क दुरुस्त हालत में है। सड़क पर ब्रेक लगाने से टायरों के निशान भी नहीं हैं और गाड़ी मोड़ पर पहाड़ी से टकराकर खड्ड में गिरी है। संभवत: ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ है। हालांकि असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।
विज्ञापन

हादसे के दो घायल एम्स में भर्ती 

सड़क हादसे के दो घायलों को एयर एंबुलेंस से एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। संस्थान के चिकित्सकों की टीम लगातार उन पर नजर बनाए हुए है। विधानसभा अध्यक्ष ने भी घायलों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक घायल प्रियंका (17) पुत्री रमेश व सोबन सिंह (35) पुत्र बिशन दोनों निवासी ग्राम बनकोट, तहसील डुंडा, उत्तरकाशी को एयर एंबुलेंस से प्रशासन की टीम सोमवार दोपहर आईडीपीएल हेलीपैड पर लेकर पहुंची। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश में लाया गया। 

आईडीपीएल चौकी प्रभारी राकेश भट्ट ने बताया कि घायलों की स्थिति गंभीर है। चिकित्सक उन पर नजर बनाए हुए हैं। एम्स के पीआरओ हरीश थपलियाल ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में घायलों को भर्ती कराया गया है। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भी एम्स में भर्ती उत्तरकाशी हादसे के घायलों से मिलने के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों के परिजनों से बातचीत की और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। चिकित्सकों को बेहतर उपचार करने के लिए निर्देशित किया। मौके पर एसडीएम हर गिरि, शिवकुमार गौतम, रविंद्र राणा, भगतराम कोठारी आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें