साहिया/विकासनगर। हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर अटाल के पास मैक्स और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मैक्स सड़क से नीचे 200 मीटर खाई में जा गिरी। इससे वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप सवार लोगों को कोई चोट नहीं आई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक के शव को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार केवलराम (35) पुत्र तुलसीराम निवासी भाटगढ़ हिमाचल प्रदेश रविवार को मैक्स को लेकर अटाल से फेड़ीज पुल की ओर जा रहा था। सुबह छह बजे अटाल से 30 मीटर आगे उसका वाहन सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन से टकरा गया। इससे बाद मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक के शव को खाई से बाहर निकाला। घटना में मैक्स के परखच्चे उड़ गए। थानाध्यक्ष संदीप पंवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है।