संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से रविवार को कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस), नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) और नेवल एकेडमी (एन) की परीक्षाएं आयोजित की गई। देहरादून जिले में इन परीक्षाओं के लिए 54 परीक्षा केंद्र बना गए थे।
एनडीए (सेकेंड) 2026 की लिखित परीक्षा में गणित का प्रश्नपत्र पिछले वर्षों की तुलना में कठिन और कॉन्सेप्ट आधारित रहा। विशेषज्ञों ने बताया कि प्रश्नपत्र में अभ्यर्थियों की बुनियादी अवधारणाओं और उनके सही अनुप्रयोग की समझ को परखा गया। गणित का पेपर 300 अंकों का था। जिन विद्यार्थियों ने एनसीईआरटी, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों, एनसीईआरटी एक्सेंप्लर और मिसलेनियस एक्सरसाइज का नियमित अभ्यास किया था, उन्हें प्रश्न हल करने में विशेष लाभ मिला।
दूसरा पेपर जीएटी 600 अंकों का है, जिसमें अंग्रेजी के 200 और सामान्य ज्ञान के 400 अंक निर्धारित हैं। अंग्रेजी समाचार-पत्र पढ़ने वाले विद्यार्थियों को करेंट अफेयर्स और अंग्रेजी के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान लगे। परीक्षाओं के सफल व शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों व निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन किया गया।
सीडीएस परीक्षा के लिए 8,001 और एनडीए व एनए परीक्षा के लिए 13,797 अभ्यर्थी ने पंजीकरण किया था। सीडीएस परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली सुबह 9 से 11 बजे, द्वितीय पाली दोपहर 12ः30 से 2ः30 बजे और तृतीय पाली शाम 4 से 6 बजे तक हुई। वहीं एनडीए व एनए परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली सुबह 10 से 12ः30 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 2 से 4ः30 बजे तक संपन्न हुई।