ऋषिकेश में गुमानीवाला का 21 वर्षीय जवान विकास गुरुंग शनिवार को कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए गोलीबारी में शहीद हो गया। सेना के अधिकारियों ने फोन पर इसकी सूचना उसके पिता को दी।
शहीद के पिता रमेश गुरुंग भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। लिहाजा उनके दोनों बेटों ने भी सेना में जाने का निर्णय लिया। उनका पूरा परिवार भारतीय सेना में सेवारत है।
पिता ने बताया कि विकास की खेलकूद में भी गहरी रुचि थी। बेटे की शहादत की खबर सुनने के बाद से मां बेसुध हालत में है। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि हमें विकास पर गर्व है। पिता ने रोते बिलखते हुए बताया कि विकास बहुत ही होशियार था और पूरी यूनिट का दुलारा था।
12वीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय सुबाथू में हुई
Martyr Vikas Gurung (FIle Photo)
शहीद विकास के पिता रमेश गुरुंग ने बताया कि उसकी 12वीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय सुबाथू ( हिमाचल प्रदेश) में हुई। बताया कि उक्त विद्यालय आर्मी कैंट के अंतर्गत था।
जबकि प्राथमिक स्तर की पढ़ाई नेपाल में हुई। शहीद विकास के पिता रमेश गुरुंग भी आर्मी में थे जो वर्ष 2014 में 1/1 गोरखा रेजिमेंट से नायक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
उनका दूसरा बेटा निरंजन गुरुंग भी आर्मी की सेवा में है जो वर्तमान में 3/1 गोरखा राइफल में राइफल मैन के पद पर गुजरात में तैनात है। विकास की बहन पूनम गुरुंग आईडीपीएल स्थित केंद्रीय विद्यालय में 12वीं कक्षा में अध्ययनरत है।
मां बीना माया गुरुंग, पिता रमेश गुरुंग व बहन पूनम सदमे में
Vikas Gurung family members
- फोटो : amar ujala
शहीद के पिता ने बताया कि उनके पास सुबह करीब साढ़े नौ बजे सेना के अधिकारी का फोन आया था कि आपका बेटा गोलबारी में शहीद हो गया है।
बेटे के शहीद होने की खबर मिलने के बाद से विकास की माता बीना माया गुरुंग, पिता रमेश गुरुंग व बहन पूनम सदमे में हैं।
उन्होंने बताया कि बीती 29 मार्च को ही विकास 36 दिन की छुट्टी में घर आया था। तब घर में हंसी-खुशी का माहौल था। विकास के शहादत की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी हर गिरि, गुमानीवाला के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश व्यास व काफी संख्या में आसपास के लोग शहीद के घर पहुंचे और उनके माता-पिता को ढांढस बंधाया।