बांदीपुरा में आतंकी हमले में शहीद हुए कालीमठ घाटी के कविल्ठा गांव निवासी मानवेंद्र सिंह रावत की सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक घाट पर अंत्येष्टि की गई।
इस मौके पर कालीमठ घाटी सहित जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 3 हजार से अधिक लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। शासन-प्रशासन की ओर से डीएम मंगेश घिल्डियाल ने शहीद मानवेंद्र को पुष्प चक्र अर्पित किया।
शनिवार को पूर्वान्ह 11.12 शहीद का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा। सेना के जवानों के कांधों पर ताबुत में तिरंगे में लिपटा शव घर पर पहुंचा, परिजन बिलख कर रो पड़े। शहीद की पत्नी विनिता, मां कमला देवी और पिता नरेंद्र सिंह रावत और छोटा भाई दिग्विजय सिंह रावत शव पर लिपटकर बिलख-बिलख कर रोने लगे।
शहीद के दो बच्चे भी अपने पिता को एकटक देखते रहे। यह, देख वहां मौजूद हजारों लोगों की आंखें भी नम हो गई। सेना के 9-माउंटेन बिग्रेड के 8 सदस्यीय यादगार टीम द्वारा घर के आंगन में शहीद को सलामी दी गई और सेना के अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित किया।