I
Iकनखल थाना क्षेत्र में पिछले महीने संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नवविवाहिता की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मायके वालों ने दहेज की खातिर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति सहित छह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।I
Iपुलिस के अनुसार, मेन्ना पत्नी नीटू निवासी ग्राम भोगपुर कोतवाली लक्सर ने शिकायत दी। बताया कि उसकी पुत्री सोनी उर्फ सोनिया की शादी गौरव पुत्र श्रवण कश्यप निवासी ग्राम अजीतपुर थाना कनखल के साथ हुई थी। करीब तीन माह पहले हुई शादी में दिए गए दहेज से पति गौरव, ससुर श्रवण कश्यप, सास राजकुमारी, जेठ नितिष व जेठानी मोनिका, देवर मनीष कुमार खुश नहीं थे। दहेज लाने और पांच लाख रुपये की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप लगाया कि 31 जनवरी की सुबह सोनी ने पति व ससुरालियों के मारपीट करने की जानकारी दी थी।I
Iदोपहर में फिर सास राजकुमारी, जेठानी मोनिका ने फोन कर कहा कि उनकी बेटी तबीयत खराब है, ससुराल आ जाओ। वहां जाने के लिए निकलते ही सास ने फिर कॉल कर कहा कि सोनी की तबीयत ज्यादा खराब हो रही है। उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर पला चला कि सोनी को मृत अवस्था में वहां ले जाया गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली थी। तब पुलिस को सूचना दी तो अंतिम संस्कार को रुकवाते हुए पोस्टमार्टम करवाया गया। आरोप लगाया कि सभी ने जहर देकर दहेज के लिए उसकी बेटी की हत्या की है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।I