बदहाल पड़ा है पुल नंबर-1-लखवाड़ कॉलोनी का संपर्क मार्ग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर। लोक निर्माण विभाग की हीलाहवाली के कारण उच्च शिक्षा पाने के लिए छात्रों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, रखरखाव के अभाव में पुल नंबर-1 को लखवाड़ कॉलोनी से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह से उखड़ गया है। इस सड़क का निर्माण तीन वर्ष पूर्व वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के लिए किया गया था। लेकिन, अब यह सड़क पूरी तरह से खस्ताहाल हो गई है। सड़क पर पड़े पत्थर लोगों को कमर दर्द दे रहे हैं। साथ ही आए दिन दोपहिया वाहन चालक इस रोड़ी-पत्थर पर रपट कर चोटिल भी हो रहे हैं। बरसात में पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है।
सौरभ उनियाल, उत्तम चौहान, मनीष तोमर आदि लोगों ने बताया कि तीन साल के छोटे से समय अंतराल में ही सड़क पूरी तरह से उखड़ गई। इस सड़क का इस्तेमाल डिग्री कॉलेज के साथ ही पुल नंबर-1 पार बसी बस्ती, लखवाड़ कॉलोनी और डाकपत्थर बैराज को जाने वाले लोग भी करते हैं। कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सड़क की मरम्मत के लिए पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
उधर, लोनिवि देहरादून (निर्माण खंड) के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि मामले में जेई से रिपोर्ट मांगी जाएगी।