राजधानी की सड़कों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर कई ऑटो का संचालन हो रहा है। शिकायत के बाद परिवहन विभाग सोमवार से सात दिवसीय विशेष अभियान जांच शुरू कर रहा है। साथ ही अभियान के दौरान विशेष स्टीकर भी आटो पर चस्पा किया जाएगा।
फिलहाल विभाग में 2,392 ऑटो के पंजीकरण है, जो फर्राटा भर रहे हैं, लेकिन विभागीय अफसरों तक शिकायत पहुंची है कि एक ही नंबर पर कई ऑटो का संचालन राजधानी में किया जा रहा है। आरटीओ प्रवर्तन सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि प्रवर्तन अफसरों की अगुवाई में सोमवार से विशेष जांच अभियान शुरू किया जा रहा, जिसमें सभी ऑटो का परीक्षण किया जाएगा। सभी आटो के दस्तावेजों की जांच के साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर दो आटो का तो संचालन नहीं हो रहा है।
शर्मा का यह भी कहना है कि ऐसे फर्जीवाड़े को रोकने के लिए विभाग की ओर से एक विशेष स्टीकर भी तैयार कराया गया है, जो अभियान के दौरान सभी आटो पर चस्पा किया जाएगा। सभी ऑटो चालकों को इन स्टीकरों को सुरक्षित भी रखना होगा। फिलहाल राजधानी की सड़कों पर 794 विक्रम, 2392 ऑटो और 319 सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है।