कैलाश मानसरोवर यात्रियों का आठवां दल मंगलवार को अल्मोड़ा से अगले पड़ाव धारचूला रवाना हुआ, लेकिन धौलछीना से आगे रोड बंद हो जाने के कारण यात्री दल करीब ढाई घंटे तक धौलछीना में फंसा रहा।
करीब दस बजे मार्ग खुलने पर यात्री धारचूला रवाना हो सके। आठवें दल में 45 पुरुष और 13 महिला यात्री समेत 58 यात्री शामिल हैं। ये यात्री दोपहर में डीडीहाट पहुंचे और शाम को आधार शिविर धारचूला पहुंच गए।
बारिश के बीच कैलाश यात्रियों का आठवां दल सोमवार शाम को अल्मोड़ा पहुंचा था। मंगलवार तड़के यात्री धारचूला को रवाना हुआ, लेकिन धौलछीना से आगे कसाण बैंड और जमराड़ी में भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यात्रियों को धौलछीना में ही रोक दिया गया।
बाद में दो जेसीबी लगाकर मलबा हटाया गया और करीब ढाई घंटे बाद रास्ता खोल दिया गया। इधर, आईटीबीपी के नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार यात्रियों का चौथा दल वापसी में बूंदी, पांचवां दल तिब्बत के कुंजू, छठा दल तकलाकोट और सातवां दल गुंजी में है।