कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व रक्षामंत्री ने अपने मन की बात की थी। उन्होंने अपना भाषण बिना पढ़े सीधे युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने सेना में खरीदारी के सिस्टम पर व्यथा व्यक्त करते हुए कहा था कि सिस्टम में दशकों की जड़ता को खत्म करने में काफी कठिनाई आ रही है।
उनका कहना था कि नई रक्षा खरीद नीति का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही लालफीताशाही को कम करना और नौकरशाही बाधाओं को दूर करना है। जिसके कारण अभी तक योजनाओं के लक्ष्य को हासिल करने में देरी होती रही है। परिकर सेना को उपकरणों से लैस करने के लिए मेक इन इंडिया कार्यक्रम के प्रति खासे उत्साहित थे। परिकर ने बताया था कि केंद्र सरकार शिक्षा के ईको सिस्टम को लेकर भी लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने पढ़ाई के क्षेत्र में सिद्धांत, प्रयोग और नवीनता के अलावा ईको सिस्टम तैयार करने पर जोर दिया था।
पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने आईआईटीयंस से राजनीति में उतरने के बाबत भी विचार साझा किए थे। उन्होंने बताया था कि कई आईआईटियन अमेरिका, ब्रिटेन गए, लेकिन मैं यहां फंस गया। उन्होंने राजनीति में आने को लेकर निराले अंदाज में कहा था कि उनका राजनीति सार्वजनिक जीवन ऐसा रहा, जिसका उन्हें कभी भी अनुमान नहीं था और उन्हें राजनीति की नदी में पीछे से धकेल दिया गया। जिसमें वे तैरने में कामयाब हुए और मुख्यमंत्री से रक्षामंत्री तक बन गए।
मेस महासचिव पद ने सिखाए राजनीति के गुर
राजनीति कैसे सीखी, इसके बारे में परिकर ने छात्रों को बताया था कि वे आईआईटी में मेस के महासचिव थे। इसमें छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय भी हो गए। तीन साल तक मेस प्रबंधन करते-करते वित्त प्रबंधन का गुर भी सीख लिया। उन्होंने आईआईटी बांबे में बिताए गए दिनों को भी छात्रों से साझा किया। बताया कि आईआईटी बांबे से बीटेक करने के बाद एमटेक पूरा नहीं किया। आईआईटी में साढ़े छह साल बिताए। जिसमें डिग्री से ज्यादा ज्ञान हासिल किया।
खुली किताब से परीक्षा सबसे कठिन होती है
भाषण के दौरान परिकर ने छात्रों की खूब तालियां बटोरी। जब उन्होंने कहा कि खुली किताब की परीक्षा सबसे कठिन होती है। उन्होंने कहा कि खुली किताब से उत्तर तलाशते समय पेज पलटने में ही पसीना निकल जाता है। इस पर आईआईटी का दीक्षांत हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से ऐसे गूंज गया। जैसे छात्र अपने निजी जीवन से उनकी बातों को स्वीकरोक्ति प्रदान कर रहे हों। इस दौरान उन्होंने तुर्की के राजा की कहानी सुनाकर छात्रों को दिल जीत लिया था।