उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी आम आदमी पार्टी प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधने की रणनीति बनाकर चल रही है। उसका मंसूबा भाजपा को भाजपा के ही पारंपरिक अस्त्रों से चुनौती देने का है। आप की चाल-ढाल बता रही है कि वह राज्य में हिंदुत्व कार्ड, पूर्व सैनिकों और बूथ स्तर तक मतदाताओं में पैठ बनाने का प्रयास कर रही है।
यही वजह है कि आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तर्ज पर उत्तराखंड में आने से पहले कुंभ नगरी हरिद्वार में साधु संतों का आशीर्वाद लिया। इससे पहले सिसोदिया कुमाऊं दौरे में कैंचीधाम स्थित विश्व प्रसिद्ध नीम करोली बाबा के दर पर माथा टेकने गए थे।
अब शनिवार को सिसोदिया देहरादून पहुंचे हैं। उनका यह दौरा बेशक छोटा है। लेकिन इस दो दिन के दौरे में वह उत्तराखंड का राजनीतिक मिजाज पता लगाने की कोशिश करेंगे। उनके इस दौरे पर तीसरी धारा की राजनीति करने वालों की भी नजर है। सबसे ज्यादा जिज्ञासा इस बात को जानने की है कि मनीष के इस दौरे में आखिर वे कौन चेहरे होंगे जो आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे। बहरहाल, आप ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं। लेकिन सियासी हलकों में चर्चाएं कम नहीं हैं।
राजनीतिक प्रेक्षकों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी प्रदेश में खुद को इस तरह से पेश कर रही है कि मानो 2022 के विधानसभा चुनाव में उसका भाजपा से सीधा मुकाबला होना हो। इसके लिए वह उन्हीं राजनीतिक मुद्दों पर फोकस कर रही है, जिन्हें भाजपा की मजबूत ताकत माना जाता है।
आम आदमी पार्टी की नजर पूर्व सैनिक वोट बैंक पर है। वह एक वर्ग के वोट बैंक को भी साधने की कोशिश कर रही है। नए विकल्प के नाम पर वह युवाओं को रिझाने की भरपूर कोशिश कर रही है। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के भाजपा के तिलिस्म को आम आदमी पार्टी तोड़ने की जबर्दस्त कोशिश कर रही है?
इतना ही नहीं सांगठनिक नेटवर्क मामले में भी वह भाजपा की तर्ज पर बूथ स्तर पर इकाइयां गठित कर रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर कहते हैं, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में जो शानदार कार्य किए हैं, उसकी उत्तराखंड में सर्वत्र चर्चा है। लोगों में आप के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में भ्रष्टाचार मुक्त व राज्य की जनता की भावनाओ के अनुरूप राज्य निर्माण के संकल्प के साथ चुनाव में उतरेगी। हरिद्वार से देहरादून जाते हुए नेपाली फार्म तिराहे पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आम आदमी पार्टी की ओर बड़ी आशा भरी नजरों से देख रही है।
सिसोदिया ने कहा कि राज्य की जनता सत्ता में बदलाव चाहती है। क्योंकि भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों ने राज्य की जनता को निराश किया है। उन्होंने कहा कि कि विकास को तरसती व भ्रष्टाचार से पीड़ित राज्य का जनता अब बदलावा चाहती है। उन्होंने कहा कि वे राज्य में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आए हैं।
इस दौरान पार्टी के विधानसभा कॉर्डिनेटर दिनेश असवाल, डॉ. राजे सिंह नेगी, पूर्व विधानसभा प्रभारी अमित विश्नोई, नवीन मोहन, विजय पंवार, देवराज नेगी, दिनेश कुलियाल, ज्ञान रावत, मनोज कोटियाल, गुरुमीत सिंह, सुनील कुमार, प्रवीन जोशी, संजय सिलस्वाल, गणेश बिजल्वाण, रूपेश चौहान, मनोज भट्ट, विक्रांत भारद्वाज अंकित नैथानी मयंक भट्ट उपस्थित थे।