उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को लुधियाना के थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के थाना श्रीनगर में फोन कर कहा था कि वह उनके मुख्यमंत्री को बम से उड़ा देगा। उत्तराखंड पुलिस ने जांच की तो पता चला कि फोन लुधियाना के फोकल प्वाइंट इलाके से किया गया था। इसके बाद उत्तराखंड की पुलिस ने लुधियाना पुलिस से संपर्क कर सहायता मांगी थी।
फोन लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। उसकी पहचान पौड़ी गढ़वाल के आताखोली निवासी केश्वानंद के रुप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को उत्तराखंड पुलिस के हवाले कर दिया है।
एडीसीपी 2 शैलेंद्र कुमार ने कहा कि आरोपी केश्वानंद फोकल प्वाइंट इलाके में रहता है और हीरो मैजिस्टिक ऑटो लिमिटेड में काम करता है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले पौड़ी स्थित आताखोली गांव में बने केश्वानंद के घर को कुछ लोगों ने आग लगा दी थी। उसके बाद उसकी पत्नी भी झगड़ा कर उसे छोड़ कर चली गई। उसकी कहीं सुनवाई भी नहीं हो रही थी। इससे वह परेशान था।