देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरम रोड चौकी बाईपास के पास शनिवार सुबह सड़क किनारे अचेत अवस्था में एक अज्ञात व्यक्ति मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 8:05 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। सूचना पर चीता-36 में तैनात कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। करीब 40 से 45 वर्ष उम्र के व्यक्ति के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। उसके बाएं हाथ में रुमाल बंधा हुआ था। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि युवक रात में नशे की हालत में सड़क पर घूम रहा था। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।