उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में सरिया लेकर सेमल का फल तोड़ने पेड़ पर चढ़े व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई।
पिंडारी गांव निवासी महाजन सिंह (40) पुत्र आन सिंह शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बघौरी गांव के पास बिज्टी सड़क किनारे सरिया लेकर सेमल के पेड़ पर फल तोड़ने चढ़ गया।
पेड़ पर ही लटक गया शव
जब वह फल तोड़ रहा था तभी उसके हाथों में पकड़ी लोहे की सरिया पेड़ से सट कर गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की बिजली की तारों से छू गई। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसका शव पेड़ से लटक गया।
परिजनों का बुरा हाल
वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और बिजली विभाग को सूचित किया। सूचना पर विद्युत विभाग ने आपूर्ति ठप कर दी और कर्मचारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा। मृतक की पत्नी राजवती, पुत्र सुमित और पुत्री सुरबीना का रो रोकर बुरा हाल है।