श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के महंत स्वामी सुरेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने बालिकाओं के साथ बढ़ रही रेप जैसी जघन्य घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से इसके लिए कठोर कदम उठाने की मांग की है।
महंत सुरेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि मंदसौर और सतना की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर किसी भी प्रकार का अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे तो दे रही है लेकिन देशभर में बालिकाओं के प्रति हो रहे अपराध को रोकने में केंद्र सरकार और राज्य सरकारें नाकाम सिद्ध हो रही हैं।
महंत सुरेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के सवाल पर कहा कि भाजपा मंदिर बनाना ही नहीं चाहती है। मंदिर भाजपा के लिए वोट जुटाने का एक जरिया मात्र है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर जब भी बनेगा कांग्रेस के शासन में ही बनेगा। कहा कि जनता से किए वादे पूरे करने में विफल रहे पीएम नरेंद्र मोदी फिर से एक बार सत्ता में आने का ख्वाब देख रहे हैं। मोदी यदि प्रत्येक देशवासी के खाते में 15 लाख रूपए जमा करने का अपना वादा पूरे कर दें तो वे एक बार फिर सत्ता में लौट सकते हैं।
आगामी कुंभ मेले के बारे में उन्होंने कहा कि स्थायी निर्माण अधिक से अधिक होने चाहिए। जिससे हरिद्वार की जनता को लंबे समय तक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। महिला शिक्षिका के साथ मुख्यमंत्री के अभद्र व्यवहार को पूरी दुनिया ने देखा है।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आए दिन हो रही वाहन दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। महंत सुरेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि जिन संत महापुरुषों के आशीर्वाद से भाजपा केंद्र में की सत्ता आई है। आज उन्हीं संत महापुरुषों पर झूठे मामले लगवाकर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देश में संत महंतों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो केंद्र में कभी भी भाजपा की सरकार नहीं आएगी। इस दौरान स्वामी धर्मानंद व साध्वी मंजुश्री भी मौजूद रहे।