कुंभ मेला में शाही स्नान को लेकर दून समेत जिले में कई जगह रूट डायवर्ट रहेगा। एसपी ट्रैफिक स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि कुंभ में आने वाले यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए यह व्यवस्था की जा रही है। दून शहर में भी तीन जगह डायवर्ट प्वाइंट रहेंगे। इनमें कारगी, रिस्पना पुल और आईएसबीटी शामिल हैं।
शाही स्नान पर हरकी पैड़ी पर प्रतिबंध होने के कारण सभी घाट श्रद्धालुओं से गुलजार रहे। सोमवार को सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान करने को भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन अखाड़ों का शाही स्नान होने के कारण श्रद्धालुओं को सुबह आठ बजे के बाद ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर जाने से रोक दिया गया। इसके कारण श्रद्धालुओं ने ज्वालापुर पुल जटवाड़ा से लेकर भूपतवाला के श्रद्धानंद घाट तक जैसे प्रेमनगर आश्रम, नाई घाट, बिरला घाट, गऊ घाट, गोविंद घाट, खन्नानगर घाट, महर्षि कश्यप घाट, वीआईपी घाट, सुभाष घाट, ओम पुल घाट समेत सभी 72 घाटों पर गंगा स्नान किया। अलसुबह से ही श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचकर गंगा स्नान करने सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। सुरक्षा की दृष्टि से सभी घाटों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।