आगामी कुंभ को लेकर केंद्र सरकार से जारी कोरोना की स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) और हाईकोर्ट के दिशा निर्देशों के गहन मंथन के बाद ही अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अपना आखिरी फैसला सुनाएगा। परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि मेला प्रशासन सभी अखाड़ों को सरकार की गाइडलाइन और कोर्ट के दिशा निर्देश की प्रतियां मुहैया कराएं। ताकि संत और पदाधिकारी उनका अध्ययन करने के बाद अखाड़ा परिषद की आगामी बैठक में चर्चा कर सकें।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमंत नरेंद्र गिरि शनिवार को बैरागी कैंप पहुंचे। तीनों बैरागी अणि अखाड़ों के श्रीमहंत से एसओपी पर चर्चा की। इसके बाद श्रीमहंत ने मेला अधिकारी दीपक रावत से कहा कि अखाड़ा परिषद की जल्द ही बैठक होगी। इसमें सभी अखाड़ों के संत शामिल होंगे और सरकार की एसओपी पर चर्चा होगी। इसके लिए एसओपी की प्रति, हाईकोर्ट के दिशा निर्देश सभी अखाड़ों को दिए जाएं। बैठक में सभी संत और पदाधिकारियों की आपसी रायशुमारी के बाद अखाड़ा परिषद अपना निर्णय लेगा और मेला प्रशासन को निर्णय से अवगत कराया जाएगा। मेलाधिकारी दीपक रावत ने कहा कि सभी अखाड़ों को सरकार की गाइडलाइन से अवगत कराया जाएगा। जिससे कुंभ की व्यवस्थाओं पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।
बैरागी कैंपों में जल्द मुहैया कराएं सुविधाएं
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने मेलाधिकारी से बैरागी संतों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में बैरागी संत आकर्षण का केंद्र होते हैं। मेला प्रशासन को जल्द से जल्द बैरागी अनी अखाड़ों के सभी कार्य पूरे कराने चाहिए।