डीएम ने बताया कि कुंभ में पहुंचने वाले लोगों की जांच के लिए बॉर्डर पर स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यह भी आंकलन किया जा रहा है कि प्राइवेट लैब से प्रशासन को कितनी मदद मिल सकती है। सभी संभावनाओं पर विचार करते हुए तैयारियों को अमल में लाया जा रहा है।
इंटर कॉलेज में श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम करने के निर्देश
कुंभ के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए शनिवार को लक्सर एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी और तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने बालावाली व पुरकाजी बॉर्डर का निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने इंतजार करने वाले श्रद्धालुओं को ठहराने के लिए होल्ड अप एरिया के लिए प्रस्तावित बालावाली के राजकीय इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कॉलेज के ग्राउंड, कमरे, पीने के पानी और पार्किंग की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि होल्ड अप एरिया के लिए प्रस्तावित कॉलेज बॉर्डर के एकदम नजदीक है। श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उनके साथ खानपुर थानाध्यक्ष अभिनव शर्मा, चौकी प्रभारी उपेंद्र सिंह और लेखपाल फैजान खान मौजूद थे।