महाकुंभ की अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है। मंगलवार को मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने एक अप्रैल से महाकुंभ शुरू होने का बयान दिया है। मुख्य सचिव के बयान ने हरिद्वार में हलचल बढ़ा दी है।
अखाड़ा परिषद के अंदरूनी मतभेद भी सामने आ गए हैं। परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से पहले ही चार शाही स्नानों की घोषणा कर दी गई है। ऐसे में एक अप्रैल से महाकुंभ होगा तो 11 मार्च का शाही स्नान कैसे होगा।
कोरोना को देखते हुए एक अप्रैल से सरकार का निर्णय ठीक हो सकता है। 25 मार्च से बैरागी संतों का आगमन शुरू हो जाएगा। इससे पहले सरकार को संतों के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए। - बाबा हठयोगी
22 फरवरी को हरिद्वार पहुंच जाऊंगा। 24 या 25 फरवरी को अखाड़ा परिषद की बैठक में कुंभ अवधि को लेकर सामूहिक फैसला लिया जाएगा। सरकार संतों का साथ नहीं होगी तो संत भी साथ नहीं देंगे।
- श्रीमहंत नरेंद्र गिरि, अध्यक्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद
सरकार का हर फैसला मान्य होगा। इसके लिए पहले ही जुबान दे चुका हूं। कोरोना काल में खुद के साथ दूसरों की चिंता और सुरक्षा प्राथमिकता है। कुंभ की अवधि कम या ज्यादा करना सरकार का फैसला है। इसका हृदय से स्वागत होगा।
- श्रीमहंत हरि गिरि, महामंत्री अखाड़ा परिषद