मेलाधिकारी दीपक रावत की अध्यक्षता में बुधवार को कुंभ मेला के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की गई। मेलाधिकारी ने कार्यों को तत्काल पूरा करने, अतिक्रमण, सड़कों व पुलों के किनारे पड़ा मलबा हटाने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने बैरागी एवं चंडी टापू आदि में रोड की स्थिति, बिजली, पानी, चिकित्सीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बैरागी और चंडी टापू में मुख्य रोड व अंदरूनी रोड की मार्किंग कर दी गई है। जहां-जहां बिजली के पोल लगने हैं, लगा दिए हैं। पावनधाम आश्रम के निकट बन रहे हॉस्पिटल में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी है। बिजली का संयोजन जल्द ही कराया जाएगा।
जगजीतपुर में बनने वाले 2000 बेड के हॉस्पिटल को बिजली, पानी उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मेलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में बनने वाले बस अड्डों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों ने कहा कि मीडिया सेंटर भी जल्द तैयार हो जाएगा।
मेला अधिकारी ने जगह-जगह पानी की लीकेज बंद करवाने के लिए अलग से एक अधिकारी नामित करने और गौरीशंकर दीप के किनारे अतिक्रमण कर बनाई कुटिया को हटाने के निर्देश दिए। छावनियों में सुविधाएं उपलब्ध कराने, सिंचाई विभाग और लोनिवि के पुलों व सड़कों के आसपास पड़ा मलबा हटाने के निर्देश भी दिए।