मां नंदा को शिवधाम कैलास विदा कर लौट रहीं नंदा राजजात के नंदा भक्त और डोलियां शुक्रवार को चमोली के घाट बाजार पहुंचीं। दशोली की मां नंदा की डोली ने सुबह 10 बजे सुतोल पड़ाव से घाट के लिए प्रस्थान किया।
इसके बाद मां नंदा की डोली पलटिंगधार, गैरी, सितेल, गुलाडी और वादुक होते हुए शाम साढ़े पांच बजे घाट बाजार पहुंची।
फूल मालाओं के साथ स्वागत
वहीं, दशमद्वार की नंदा की डोली सुबह 11 बजे पैरी गांव से प्रस्थान कर सितेल, गुलाडी, वादुक, सलबगड़ गांवों में भ्रमण कर चार बजे घाट पहुंच गई। यहां ग्रामीणों ने डोलियों का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया।
अन्य कई देव डोलियां भी अपने गंतव्य तक पहुंच गई हैं, जबकि दशमद्वार की डोली शनिवार को घाट से कांडारा गांव के लिए प्रस्थान करेगी और दशोली की मां नंदा की डोली सिद्धपीठ कुरुड मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगी।
वहीं, ईराणी की मां नंदा की डोली शुक्रवार सुबह नौ बजे रामणी से प्रस्थान कर ईराणी गांव पहुंच गई हैं। यहां व्यापार संघ ने यात्रियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी करवाया।