दून में पटेलनगर थाना क्षेत्र के गांव सेवला कलां स्थित एक धार्मिक स्थल के कमरे का किराया न देने पर ग्रामीणों ने किराएदार युवक का सामान फेंक दिया।
इस वजह से हंगामा हो गया। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। हालांकि देर रात तक लोगों का हंगामा जारी था। हालात की गंभीरता को देखते हुए एक गाड़ी पीएसी बुलाई गई थी।
सेवला कलां गांव के एक धार्मिक स्थल के कमरे में एक युवक किराए पर रहता है। आरोप है कि उसने पिछले एक साल से कमरे का किराया नहीं दिया। सोमवार रात धार्मिक स्थल के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उससे कमरा खाली करने को कहा।
आरोप है कि वह उनसे बदसलूकी करने लगा। जिस पर पदाधिकारियों ने युवक का सामान कमरे से बाहर फेंक दिया। इस पर गांव में हंगामा हो गया। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पटेलनगर थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक ग्रामीण शांत नहीं हुए।