पहले फार्म भरने और जमा करवाने के लिए लाइन में खड़े रहे और अब सब्सिडी के लिए।
इन योजनाओं से परेशान जनता ही होती है। यह कहना है, सब्सिडी के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे देहरादून के वसीम अहमद का। एजेंसी के मुताबिक वसीम की गैस सब्सिडी उनके बैंक खाते में डाल दी गई है। जबकि वसीम का कहना है कि खाते में सब्सिडी नहीं पहुंची है। वसीम के अलावा कई और लोग भी यही परेशानी झेल रहे हैं।
खाते में कोई सब्सिडी नहीं आई
डालनवाला स्थित चंदरनगर निवासी वसीम अहमद इन दिनों हिमानी गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। वसीम ने तीन जनवरी को हिमानी गैस एजेंसी से सिलेंडर लिया था। एजेंसी से उन्हें बताया गया कि छह जनवरी को उनके खाते में सब्सिडी डाली जा चुकी है।
वसीम ने बताया कि वे बैंक पासबुक एजेंसी को दिखा चुके हैं। जिससे यह स्पष्ट पता चलता है कि इस तारीख में उनके खाते में कोई सब्सिडी नहीं आई है। वसीम ने बताया कि एजेंसी की ओर से जिस खाते में सब्सिडी डाली गई है, वह खाता उन्हीं के नाम पर है लेकिन खाता नंबर बैंक आफ इंडिया का है।
वसीम का खाता भारतीय स्टेट बैंक का है। उनका कहना है कि वह कई बार आनलाइन और एजेंसी में जाकर शिकायत कर चुके हैं। लेकिन उनकी समस्या नहीं सुलझी।
सभी एजेंसियों में इस तरह की समस्या आ रही है। या तो कोई तकनीकी दिक्कत है या फिर हो सकता है लोगों ने फार्म में बैंक खाता गलत लिखा है। उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जाएगा।
- हरीश चंद गैरोला, हिमानी गैस गोदाम