त्योहारी सीजन के चलते अब छुट्टी के दिन (रविवार व सोमवार) भी उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलिंडर मिलेगा। इस संबंध में इंडियन ऑयल कंपनी ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश जारी किए हैं। सभी एजेंसी संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि बुकिंग के 24 घंटे के भीतर उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की डिलिवरी की जाए।
जिले में इंडियन ऑयल कार्पोरेशन की 36 गैस एजेंसियां हैं। जिनसे रोजाना करीब 10 हजार सिलिंडरों की सप्लाई होती है। कुछ दिन पहले समय के लिए लोनी प्लांट से गैस नहीं आने के चलते बीते कुछ दिनों से दून में रसोई गैस की किल्लत हो गई थी। 10-15 दिनों में गैस की डिलिवरी हो पा रही थी। बृहस्पतिवार को सभी एजेंसियों से पर्याप्त मात्रा में गैस की सप्लाई की गई।
आईओसी के एरिया चीफ मैनेजर ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्या को देखते हुए अब करनाल, हरिद्वार, लोनी और काशीपुर प्लांट से गैस की आपूर्ति हो रही है। अब सभी गैस एजेंसियों को छुट्टी के दिन भी गैस की डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए हैं।