गंगनहर में कूदकर एक युगल लापता हो गया। एक तैराक ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। युवती की शिनाख्त हो गई है, जबकि युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। युवती के परिजन स्कूटी साथ ले गए हैं।
कोतवाली मंगलौर अंतर्गत आसफनगर झाल पर सुबह करीब 11 बजे स्कूटी पर एक युवक-युवती पहुंचे। दोनों काफी देर तक बातें करते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर 12 बजे के करीब युवती एकाएक रोने लगी और रोते हुए आसफनगर झाल के पुल पर पहुंच गई। पीछे-पीछे युवक भी पहुंच गया।
युवती ने अपने दुपट्टे को पुल की रेलिंग पर बांधा और उसे पकड़कर लटक गई। देखते ही देखते वह दुपट्टे को छोड़कर गंगनहर में कूद गई। आसपास एकत्रित हुए लोगों ने बचाने को शोर मचाना शुरू किया। इसी बीच युवक भी गंगनहर में कूद गया।
मौके पर मौजूद गुलशन नाम के एक युवक ने उन्हें बचाने के लिए गंगनहर में छलांग लगाई, लेकिन इससे पहले कि वह उनके पास पहुंचता, दोनों डूबकर लापता हो गए। सूचना पर जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।
उन्होंने भी तलाश अभियान चलाया पर दोनों का पता नहीं चल पाया। स्कूटी के आधार पर युवती की पहचान पुरानी तहसील निवासी साक्षी के रूप में हुई है। सूचना पर युवती के परिजन मौके पर पहुंचे। युवती बीकॉम की छात्रा बताई जा रही है।