फेसबुक पर किसी दूसरी लड़की का ‘फेस’ दिखाकर एक युवती एक युवक को धोखा देती रही। प्रेमजाल में फंसा युवक इस कदर दीवाना हुआ कि उसने लड़की से मिले बगैर उससे शादी का फैसला कर लिया।
उधर, माता-पिता को भी बेटे की जिद के आगे झुकना पड़ा। लेकिन शादी के एक दिन पहले किसी ने फोन कर बताया कि युवती ने आत्महत्या कर ली। जब युवक समेत परिजनों ने लड़की के बताए पते पर जाकर खोजबीन की तो पता चला कि वहां उस नाम की कोई लड़की नहीं रहती है। अब युवक को शक हो रहा है कि किसी लड़के ने लड़की की फर्जी आईडी से उसे धोखा दिया है।
कोटाबाग ब्लॉक के ग्राम कमोला निवासी एक युवक के फेसबुक वॉल पर कुछ माह पहले रुद्रपुर निवासी एक ‘युवती’ की फे्रंड रिक्वेस्ट आई। फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद दोनों में चैटिंग का सिलसिला शुरू हुआ और मोबाइल नंबर भी साझा किए। लगातार बात होने पर दोस्ती प्यार में बदल गई। इस पर दोनों ने शादी करने की ठान ली।