वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर कुमाऊं मंडल में बंद का मिलाजुला असर रहा। भाजपा से जुड़े अधिकतर व्यापारियों ने जहां दुकानें खोली वहीं नैनीताल शहर में पर्यटकों की समस्याओं को देखते हुए बाजार खुला रहा।
हालांकि जिले के बाकी हिस्सों में बंद का असर देखने को मिला। मंडल के छह जिलों में बंद से करीब 77.75 करोड़ का व्यापार प्रभावित हुआ। पर्यटन सीजन में बंद से पर्यटकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
दुकानें बंद कराने के लिए सुबह से ही व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की टोलियां घूमती रही। रानीखेत में केंद्रीय वित्त मंत्री का पुतला फूंका गया। हालांकि बंद के दौरान कई जिलों में शराब की दुकानें खुली नजर आईं।