दिल्ली से देहरादून आते वक्त जहर खुरानी गिरोह ने वॉल्वो बस में सवार एक छात्र को बेहोश कर लैपटॉप और नकदी लूट लिया।
आईएसबीटी पुलिस ने उसे श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया गया कि बस में सवार एक युवक ने उसे चिप्स के साथ नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी थी।
उड़ीसा के भुवनेश्वर निवासी अनिल कुमार मिश्रा देहरादून में पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी का छात्र है। बुधवार रात साढ़े ग्यारह बजे के करीब वह वॉल्वो बस में दिल्ली से देहरादून के लिए सवार हुआ था। बस में ही किसी ने उसे नशीला कोल्ड ड्रिंक और चिप्स खिलाकर बेहोश कर दिया।
बेहोशी के बाद जहर खुरानी गिरोह का सदस्य उसका लैपटॉप वाला बैग और जेब से नकदी लेकर फुर्र हो गया। बस सुबह आईएसबीटी पहुंची तो अनहोनी का पता लगा। पुलिस ने बिना देर किए युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।
उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसएसपी सदानंद दाते ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने यात्रियों से सफर के दौरान अनजान व्यक्ति द्वारा दिए खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करने का अनुरोध किया है।
पुलिस को सतर्कता बरतने के निर्देश
एसएसपी ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर पुलिस को बाजारों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्हाेंने कहा कि बाजारों में भीड़-भाड़ बढ़ने के साथ ही ठग और लुटेरे सक्रिय हो जाएंगे। लिहाजा बाजारों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही अपने क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षक के खाते से निकाल लिए सात हजार
एक शिक्षक से एटीएम नवीनीकरण के नाम पर गोपनीय कोड जानकर सात हजार रुपये निकाल लिए। टीएचडीसी कालोनी निवासी रमाशंकर पांडेय ने बताया कि उन्हें किसी एसके शर्मा नाम के शख्स ने फोन कर कोड जाना था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।