अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर भले ही सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद होने का दावा किया जा रहा हो, लेकिन रविवार को अमर उजाला की पड़ताल में इन दावों की पोल खुल गई।
पड़ताल में सामने आया कि भारत-नेपाल सीमा के ज्यादातर चोर रास्तों में कोई चौकसी नहीं बरती जा रही है। वैधानिक चेक पोस्ट पर भी महज रुटीन चेकिंग हो रही है।
हाईअलर्ट की स्थिति का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि 10 लाख इनामी बदमाश भूरा ऊर्फ अमित के ऊधमसिंह नगर होते हुए नेपाल भागने की आशंका है। इसका अलर्ट जारी होने के बाद सीमा पर चेकिंग शुरू हो गई है।
खुफिया विभाग ने ओबामा के भारत दौरे में आतंकी हमले की आशंका जताई है। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल के रास्ते सौ से अधिक आतंकी भारत में घुसने की फिराक में हैं।
इन चोर रास्तों से घुस सकते हैं आतंकी
भारत-नेपाल सीमा पर पड़ताल में पता चला कि गढ़ीगोठ से चांदनी-दोधारा जाने वाले रास्ते को छोड़कर अन्य चोर रास्तों पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर नहीं है। रविवार सुबह 10 बजे गढ़ीगोठ में कुछ एसएसबी के जवान कांबिंग करते मिले, लेकिन डेढ़ बजे बूम क्षेत्र में कोई जवान गश्त पर नहीं मिला और न ही किसी ने रोका टोका। 11 बजे बनबसा बार्डर पर एसएसबी वैधानिक मार्गों पर पहले की तरह ही नियमित चेकिंग कर रही है।
गढ़ीगोठ के चोर रास्ते में एसएसबी 24 घंटे नियमित गश्त तो कर रही है, लेकिन आवाजाही करने वालों की चेकिंग कभी-कभी ही होती है। जबकि टनकपुर से बनबसा तक नेपाल सीमा में करीब आधा दर्जन चोर रास्ते हैं।
बनबसा बैराज से आगे भारत-नेपाल को विभाजित करने वाली शारदा में इन दिनों सिर्फ 150 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते बैराज से चांदनी-दोधारा सीमा में नदी के रास्ते आसानी से पैदल आवाजाही हो सकती है।
ढाई बजे टनकपुर बीओपी चेकपोस्ट पर सिर्फ रूटीन चेकिंग हो रही थी। पुलिस सिर्फ बैराज गेट खुलने पर ही सघन चेकिंग करती है। जब गेट बंद रहता है उस समय आवाजाही करने वालों से सुरक्षा एजेंसियों को कोई सरोकार नहीं रहता है।
पढ़िए, क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसपी डीएस कुंवर का कहना है कि भारत-नेपाल के बीच बनबसा मार्ग में सुरक्षा तंत्र चौकस है और चोर रास्तों पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैराज अटेंडेंट जगदीश श्रीवास्तव का कहना है कि नदी में पानी कम है। इस कारण मुख्य नदी की ओर के बैराज गेटों को बंद कर सारा पानी लोहियाहैड पावर चैनल में छोड़ा जा रहा है।
झूलापुलों पर सख्त पहरा
पिथौरागढ़ से सटी नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट के मद्देनजर झूलापुलों पर सख्त पहरा है। स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (एसओटीएफ) के जवान नेपाल सीमा पर कांबिंग कर रहे हैं। एसपी रोशन लाल शर्मा ने बताया कि झूलाघाट, जौलजीबी, बलुवाकोट, धारचूला, पांगला थाने को गणतंत्र दिवस तक विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
उधर, डीडीहाट में एसएसबी 11वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी बरजीत सिंह ने बताया कि धारचूला, बलुवाकोट, जौलजीबी, झूलाघाट झूलापुलों से आने-जाने वाले हर यात्री के सामान की चेकिंग की जा रही है।