300 करोड़ के घोटाले के आरोप में निलंबित इस अधिकारी के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही अब मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है।
भूमिगत एसएलओ डीपी सिंह पर शिकंजा कसते हुए एसआईटी ने सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल कर दी है। विदेश भागने की आशंका के चलते पुलिस ने उसका लुक आउट नोटिस भी जारी कर दिया है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली में कईं जगहों पर दबिशें दे रही हैं।
हाइकोर्ट से शनिवार को गिरफ्तारी पर लगी रोक हटने के बाद से ही डीपी सिंह मोबाइल बंद कर परिवार के साथ भूमिगत हैं। पुलिस ने पैतृक घर सहित विभिन्न जगहों पर ताबड़तोड़ दबिशें दी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े।
हाइकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद डीपी के सुप्रीम कोर्ट में अपील कर गिरफ्तारी पर स्थागनादेश लेने की आशंका पर जांच अधिकारी स्वतंत्र कुमार ने शासन से अनुमति लेने के बाद मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल कर दी है।
इसका फायदा यह होगा कि अगले तीन महीने तक अगर डीपी सुप्रीम कोर्ट में स्टे के लिए अपील दायर करता है तो कोर्ट से इसकी सूचना एसआईटी को भी दी जाएगी। कोर्ट स्टे देने से पहले एसआईटी का पक्ष भी सुनेगी।