80 वर्ष से अधिक आयु के 40 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों में 80 साल से अधिक उम्र के मतदाता भी वोट डालने जाएंगे। टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में इस उम्र वर्ग के कुल 31 हजार 724 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 19747 लोग देहरादून, 8021 लोग टिहरी गढ़वाल और 3956 मतदाता उत्तरकाशी जनपद के निवासी हैं। वहीं 80 साल से अधिक उम्र वाले देहरादून के निवासी 9670 मतदाता हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान करेंगे।
धर्मपुर सबसे बड़ी विधानसभा, हर वर्ग में सर्वाधिक वोटर
दून की धर्मपुर विधानसभा हर क्षेत्र में अन्य विधानसभाओं से आगे है। मौजूदा में धर्मपुर विधानसभा में सबसे अधिक 2 लाख 14 हजार 896 मतदाता हैं। पुरुष और महिला मतदाता भी इस विस. में सबसे अधिक हैं। इस विस. में 1 लाख 14 हजार 382 पुरुष मतदाता और एक लाख 505 महिला मतदाता हैं।
चकराता में सबसे अधिक मतदान केंद्र स्थल
धर्मपुर विधानसभा में बेशक सबसे अधिक मतदाता हों, लेकिन मतदान केंद्रों और मतदान स्थलों में चकराता पहले नंबर पर है। धर्मपुर विस. में चकराता की तुलना में दोगुने से अधिक वोटर हैं, इसके बाद भी चकराता में सबसे अधिक 234 मतदान केंद्र और 237 मतदान स्थल हैं।
दून में 76 थर्डजेंडर मतदाता
देहरादून जिले में 76 थर्डजेंडर मतदाता हैं। विकासनगर में नौ, सहसपुर में 12, रायपुर में 11, राजपुर रोड पर 13, देहरादून कैंट में 3 और मसूरी में 11 थर्डजेंडर मतदाता हैं। टिहरी गढ़वाल में महज एक और उत्तरकाशी में 2 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
दून में 11 हजार से दिव्यांग मतदाता
देहरादून में 11 हजार से अधिक दिव्यांग मतदाता हैं। इसमें 7316 मतदाता टिहरी गढ़वाल लोकसभा के लिए मतदान करेंगे, जबकि 4164 मतदाता हरिद्वार लोकसभा के लिए। सहसपुर में सर्वाधिक 1691 दिव्यांग मतदाता हैं, जबकि दून कैंट में सबसे कम 447 दिव्यांग मतदाता। वहीं टिहरी गढ़वाल में 5277 और उत्तरकाशी में 3733 दिव्यांग मतदाता हैं।