फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार: कार में रखी 19 लाख की रकम और 52 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

Sat, 23 Mar 2019 08:34 PM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झबरेड़ा
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

पुलिस और स्टैटिक सर्विलांस टीम ने यूपी की तरफ से उत्तराखंड में कार में रखकर लाई जा रही 19 लाख की नगदी बरामद की है। टीम ने कार को सीज कर नगदी थाने में जमा कर दी है। पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग टीम को भी दे दी है। शुक्रवार की रात स्टैटिक सर्विलांस टीम और झबरेड़ा पुलिस झबरेड़ा-जटौल मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक हरियाणा नंबर की कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार में दो आदमी मौजूद थे। पूछताछ में युवक अटपटे जवाब देने लगे। शक होने पर पुलिस ने उनकी गाड़ी की तलाशी ली।

विज्ञापन


तलाशी में उनके पास से 19 लाख 33 हजार रुपये बरामद हुए। इसमें से कुछ नगदी तो एक काले बैग में रखी हुई थी। जबकि कुछ नगदी डिग्गी में स्टेफनी के नीचे छिपाकर रखी हुई थी। टीम ने कार में बैठे दोनों लोगों से पूछताछ की, लेकिन वह नगदी के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को थाने में ले आई। वहीं कार को सीज कर नगदी थाने में जमा करा दी गई है। स्टैटिक सर्विलांस प्रभारी आन सिंह व कपिल कुमार गोयल ने बताया कि मामले को लेकर सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है। थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि कार में सवार दोनों व्यक्ति हरियाणा के रहने वाले हैं। प्रमोद थाना बुढ़िया जिला यमुनानगर व राकेश निवासी हाउसिंग बोर्ड थाना जगाधरी जिला यमुनानगर के रहने वाले हैं। बता दें कि चार दिन पूर्व भी झबरेड़ा पुलिस व स्टैटिक सर्विलांस टीम ने सहारनपुर मार्ग पर एक लाख की नगदी पकड़ी थी।

विज्ञापन

बोलेरो में छिपाकर लाई जा रही शराब की खेप पकड़ी

लक्सर में बोलेरो में छिपाकर लाई जा रही शराब की खेप स्टैटिक निगरानी टीम ने पकड़ लिया। गाड़ी से अंग्रेजी शराब की 52 पेटियां मिली हैं। टीम ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। टीम प्रभारी की ओर से लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम स्टैटिक निगरानी टीम के डॉ. धनंजय शर्मा अपनी टीम के दरोगा संजय रावत, अमित, चालक मांगेराम के साथ लक्सर-रुड़की मार्ग पर हुसैनपुर गांव के निकट वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच लंढौरा की ओर से आ रही गाड़ी नजर आई।

टीम ने उसे रोकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी में अलग अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की। टीम गाड़ी लक्सर कोतवाली ले गई और शराब की पेटियों की गिनती की गई तो शराब की 52 पेटियां मिली। टीम ने पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना नाम राकेश पुत्र अति प्रकाश निवासी आदर्श नगर कॉलोनी रुड़की और दूसरे ने अपना नाम रवि पुत्र सोहनलाल निवासी पावन धाम चौक कोतवाली हरिद्वार बताया। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि स्टैटिक टीम के प्रभारी डॉ. धनंजय शर्मा की ओर से दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें