अपने-अपने बूथ के लिए रवाना हुई पोलिंग पार्टियां
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम पांच बजे थम गया। इससे पहले, विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। प्रचार समाप्त हो जाने के बाद अब घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क पर जोर है। लोकसभा की पांच सीटों के लिए पहले चरण में ही 11 अप्रैल को मतदान होना है। इसके साथ ही उत्तराखंड से लगते दस अंतरराष्ट्रीय और 85 अंतरराज्यीय बैरियर सील कर दिए गए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी सौजन्या ने चुनाव की सारी तैयारी पूरी होने का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर खास नजर रहेगी।
दस मार्च को लोकसभा चुनाव के एलान के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई थी। इसके साथ ही राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार शुरू हो गया था। हालांकि इस बार के चुनाव प्रचार में उस तरह के रंग नहीं दिखे, जैसा आमतौर पर पिछले चुनावों में देखने के लिए मिलता था। चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई थी। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब इसमें तेजी आ गई है। पूरे प्रदेश में 11229 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। निर्वाचन विभाग ने पोलिंग पार्टियों का जो प्लान तैयार किया है, उसके मुताबिक आज सबसे ज्यादा 9463 पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसी तरह, 11 अप्रैल को मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी का प्लान भी तैयार किया गया है। इसके अनुसार, 8868 पोलिंग पार्टियां मतदान खत्म होने के बाद उसी दिन लौट आएंगी। दूरस्थ इलाकों से बाकी 2361 पोलिंग पार्टियां 12 अप्रैल को वापस होंगी।