सात और आठ अप्रैल को पार्टी के कई स्टार प्रचारक पांचों लोकसभा सीटों पर चुनावी सभा करते नजर आएंगे। चुनाव प्रचार में राष्ट्रवाद के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रही भाजपा की मुहिम को आगे बढ़ाने को रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण भी उत्तराखंड आ रही हैं।
वे सात अप्रैल को नैनीताल, पौड़ी और टिहरी लोकसभा में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। वे खटीमा, पोखरी और गढ़ी कैंट में जनसभा करेंगी। उसी दिन शाम चार बजे वे प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से भी मुखातिब होंगी।
सात अप्रैल को ही हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विकासनगर में टिहरी लोकसभा की प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी के प्रचार में एक जनसभा करेंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आठ अप्रैल को अल्मोड़ा, पौड़ी और ऋषिकेश में जनसभा करेंगी। उनके अलावा मुख्तार अब्बास नकवी भी छह अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी व विजय बहुगुणा के चुनावी दौरे तय हो गए हैं, जबकि सतपाल महाराज छह व सात अप्रैल को गढ़वाल और कुमाऊं की लोकसभा सीटों पर प्रचार करेंगे।
स्टार प्रचारकों के दौरे लगातार फाइनल हो रहे हैं। तीन अप्रैल को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह उत्तरकाशी में चुनावी सभा होगी और पांच अप्रैल को पीएम मोदी देहरादून में भव्य जनसभा करेंगे। पीएम मोदी की और जनसभा कराने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
- वीरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा