दिल्ली एयरपोर्ट में कमलेश का शव न लिए जाने के कारण दोबारा आबुधाबी पहुंच गया है। आबुधाबी एयरपोर्ट पर समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने कमलेश के शव को रिसीव करने के बाद अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है। रोशन रतूड़ी ने लॉकडाउन की विषम चुनौतियों के बीच कड़े संघर्ष के बाद कमलेश के शव को दिल्ली भिजवाया था। लेकिन एयरपोर्ट से शव को वापस भेज दिया गया।
वहीं कमलेश के मामा मनीष उनियाल और चचेरा भाई विमलेश शव को दोबारा भारत लाने के लिए शनिवार को दिन भर पीएमओ, केंद्र सरकार और राज्य सरकार से संपर्क साधते रहे। उन्होंने कमलेश के शव को भारत लाकर शीघ्र ऋषिकेश स्थित पूर्णानंद घाट पहुंचाने की मांग की है। इस बावत एडीएम एससी द्विवेदी ने कहा कि परिजनों का प्रार्थनापत्र दिल्ली गृहमंत्रालय को भेजा गया है। सभी कार्रवाई वहीं से होनी है।